Top News

युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का लगाया आरोप

बहेड़ी/पंतनगर। बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम सियाथेरी चौकी बंजरिया थाना शीशगढ़ जिला बरेली निवासी धर्मवीर मौर्य की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने इसे दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष के छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की मां मंगो देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि धर्मवीर अपनी पत्नी हेमा मौर्य के साथ पंतनगर क्षेत्र में रहकर खेती-किसानी का कार्य करता था। रविवार सुबह ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर पहले ट्रेन दुर्घटना की सूचना दी गई और कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर दी गई। सूचना मिलते ही परिजन पंतनगर पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है।

परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम हाउस में शव देखने पर शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले। उनका दावा है कि सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ऐसे घाव थे, जिनसे हत्या की आशंका पैदा होती है। परिवार का आरोप है कि धर्मवीर की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया ताकि मामला दुर्घटना प्रतीत हो।

तहरीर में मृतक की मां ने राम स्वरूप (ससुर), बेला (सास), राजवीर (साला), भूरी (पत्नी की बड़ी बहन), काजल (पत्नी की छोटी बहन) और हेमा मौर्य (पत्नी) को नामजद करते हुए हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले धर्मवीर का ससुराल पक्ष से विवाद और मारपीट भी हुई थी, जिसके चलते उन्हें पहले से अनहोनी की आशंका थी।

परिवार ने पुलिस से नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह आरोप मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Breaking RV News
Breaking RV News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume