Top News

इलाज के दौरान घायल युवक की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जामहत्या का आरोप लगाकर करीब एक घंटे तक किया हंगामा, सीओ समेत चार थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

संवाददाता विमल सिंह बरेली BREAKING RV NEWS 

बहेड़ी। थाना क्षेत्र में आठ दिन पहले घायल मिले 18 वर्षीय युवक की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
 करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। सूचना पर बहेड़ी सीओ समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद सीओ ने ग्रामीणों को शांत कर जाम खुलवाया।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त की रात ग्राम देवीपुरा निवासी 18 वर्षीय युवक देवीपुरा बाजार के पास घायल अवस्था में मिला था। 
स्थानीय लोगों की सूचना पर पीआरवी और एंबुलेंस ने उसे सीएचसी बहेड़ी पहुंचाया था। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह पिछले आठ दिनों से आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में ग्राम गरीबपुरा निवासी परमवीर, सचिन, कपिल समेत दो-तीन अज्ञात लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर में आरोप है कि घटना वाले दिन दोपहर में भी आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। शाम को घर लौटते समय देवीपुरा बाजार से करीब 100 मीटर पहले घात लगाकर उस पर हमला किया गया।
शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए और शव रखकर जाम लगा दिया। हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। जाम के कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ के नेतृत्व में बहेड़ी समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब एक घंटे से लगा जाम खुल सका। मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के शरीर पर एक्सीडेंट से संबंधित चोटें पाई गई हैं। पीआरवी ही घायल युवक को अस्पताल लेकर गई थी। घटना वाले दिन दोपहर की मारपीट के संबंध में मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Breaking RV News
Breaking RV News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume