Top News

अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सोलर पैनल की चोरी हुई दो बैटरियां बरामद, पुलिस ने 24 घंटे में किया घटना का अनावरण

संवाददाता विमल सिंह बहेड़ी बरेली BREAKING RV NEWS 

बहेड़ी, बरेली। ग्राम भिलैड्या में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने और सोलर पैनल की बैटरियां चोरी किए जाने की घटना का थाना बहेड़ी पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई सोलर पैनल की दो बैटरियां बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त की रात ग्राम भिलैड्या में रोड किनारे स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। प्रतिमा का एक हाथ और चश्मा तोड़ने के साथ ही वहां लगी लाइट, नल और फ्रीजर को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। इसके बाद सोलर पैनल की दो बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था।

मामले में वादी की तहरीर पर थाना बहेड़ी में मुकदमा अपराध संख्या 675/2026, धारा 298/303(2)/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से मिले प्लास्टिक के गिलास और नमकीन के खाली पाउच के संबंध में आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की गई। पुलिस ने सुराग जुटाते हुए मुखबिरों को सक्रिय किया। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गरीबपुरा मोड़ से ग्राम आखा जाने वाले खड़ंजे पर करीब 100 मीटर आगे से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र करन सिंह (23 वर्ष) निवासी ग्राम पुनई, थाना बहेड़ी तथा सरजीत उर्फ रिंकू पुत्र कृपाल (19 वर्ष) निवासी ग्राम पुनई, थाना बहेड़ी के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से चोरी की गई सोलर पैनल की दो बैटरियां बरामद की गईं।

पूछताछ में कबूली घटना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 31 अगस्त की रात भिलैड्या गांव में अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के बाद वहां लगे सोलर पैनल की दो बैटरियां चोरी कर ली थीं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए गलती पर खेद भी जताया।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक राजू कुमार, उपनिरीक्षक श्रीनाथ शर्मा, कांस्टेबल आशीष, कांस्टेबल शिवम और कांस्टेबल अर्विसमान शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Breaking RV News
Breaking RV News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume