बरेली जनपद के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सियाठेरी निवासी बेचेलाल ने गांव के कोटेदार देवेन्द्र कुमार पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बंसरिया चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, शिकायतकर्ता का आरोप है कि राशन वितरण में अनियमितताओं को लेकर खाद्य एवं रसद विभाग में की गई शिकायत से नाराज कोटेदार देवेन्द्र कुमार 23 अप्रैल को उसके घर पहुंचा और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और गांव से निकालने तथा घर में ताला लगवा देने की धमकी दी। पीड़ित का यह भी कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार रास्ते में रोककर धमका चुका है।
पीड़ित बेचेलाल ने खुद और परिवार की सुरक्षा को खतरा बताते हुए आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है, जबकि पुलिस से तहरीर के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
Post a Comment