बहेड़ी। क्षेत्र के ग्राम ग्वारी में झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही से 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने गलत इंजेक्शन और दवा देने का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्लीनिक संचालक फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम ग्वारी निवासी प्रेमवती पत्नी श्रीराम अपनी नातिन के साथ ग्राम सकरस स्थित एक निजी क्लीनिक पर बुखार की दवा लेने गई थीं। आरोप है कि वहां मौजूद झोलाछाप ने उन्हें इंजेक्शन लगाने के साथ कुछ दवाएं दीं। दवा लेने के बाद घर लौटते समय रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई और परिजन अस्पताल ले जाते, उससे पहले ही प्रेमवती ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने झोलाछाप पर गलत उपचार कर जान लेने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद आरोपी क्लीनिक संचालक के फरार होने की बात कही जा रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
Post a Comment