गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग
बहेड़ी। गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत तहसील क्षेत्र में सनातन संगठनों और गौसेवकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को संबोधित ज्ञापन सौंपकर गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने तथा गोसंरक्षण को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की पावन कर्मभूमि है तथा गोरक्षा और भारतीय संस्कृति की रक्षा हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा रही है। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गोसेवा और संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन गौवंश संरक्षण के लिए और ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
अभियान से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरक्षपीठ की परंपरा का संवाहक बताते हुए गोसंरक्षण को और मजबूत करने की मांग उठाई। ज्ञापन में गौहत्या पर कठोर नियंत्रण, निराश्रित गौवंश के संरक्षण, गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण तथा गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सनातन मूल्यों की रक्षा का संकल्प है। ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेने की अपील की गई।
तहसील अध्यक्ष मनोज गंगवार के नेतृत्व में निकली गौ सम्मान आवाहन अभियान यात्रा तहसील परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। अभियान में बड़ी संख्या में गौभक्तों और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही। इस दौरान जिलाध्यक्ष देवेंद्र भास्कर, युवा जिलाध्यक्ष रजत पंडित, दिल्लीधर गंगवार, शानू गंगवार, राहुल गंगवार, मयंक गंगवार, विष्णु मौर्य समेत अनेक कार्यकर्ता एवं गौभक्त मौजूद रहे।
Post a Comment