बरेली में 5 साल की बच्ची से छेड़छाड़, शिकायत पर परिवार पर हमला; पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप
बरेली, 30 अप्रैल:
जनपद बरेली के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के उडला जागीर गांव में 5 वर्षीय बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि 29 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे गांव का ही एक युवक बच्ची को रास्ते से पकड़कर सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं।
मां के मुताबिक, जब वह बच्ची को खोजते हुए मौके पर पहुंची तो उसने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और किसी तरह अपनी बेटी को छुड़ाया। इसके बाद वह शिकायत लेकर आरोपी के घर और फिर थाने पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी और उसके परिजन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला के साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की गई और कपड़े फाड़ने की कोशिश की गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के पति पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। परिजनों के अनुसार, हमलावर जान से मारने और बच्ची को उठाकर ले जाने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
आरोप है कि घायल पति को लेकर जब परिवार थाने पहुंचा, तब भी पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की और उन्हें भगा दिया। इसके बाद पीड़िता की मां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
Post a Comment