बहेड़ी। तहसील बहेड़ी क्षेत्र के कोटेदारों ने मानवता और गौसेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए कान्हा गौशाला के लिए एक ट्रॉली भूसा दान किया। भीषण गर्मी के बीच गौवंश के चारे की समस्या को देखते हुए कोटेदारों ने आपसी सहयोग से यह सराहनीय पहल की, जिसकी क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
भूसा दान करने वालों में रामगुलाम गुरसौली, नन्ही देवी उनई खालसा, डिल्लीधर डूंडा सुमाली, महेश सुकटिया, ओमपाल राजपुरा, कृष्णपाल बिहारीपुर, हसीना उनई मकरूका सहित कई कोटेदार शामिल रहे। सभी ने मिलकर एक ट्रॉली भूसा कान्हा गौशाला पहुंचाया और गौसेवा का संदेश दिया।
कोटेदारों ने कहा कि गौवंश की सेवा करना समाज का नैतिक दायित्व है और जरूरत पड़ने पर आगे भी इसी तरह सहयोग किया जाता रहेगा। उन्होंने अन्य लोगों से भी गौशालाओं की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
गौशाला प्रबंधन ने सभी कोटेदारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से गौवंश के पालन-पोषण में काफी मदद मिलती है। क्षेत्र के लोगों ने भी कोटेदारों की इस पहल को सराहते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया।
Post a Comment