Top News

गन्ना भुगतान को लेकर भड़का किसान आंदोलन, तीसरे दिन भी केसर शुगर मिल पर डटे रहे भाकियू टिकैत कार्यकर्ता


रिपोर्ट / विमल सिंह बरेली 
बहेड़ी। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बहेड़ी स्थित केसर शुगर मिल के प्रशासनिक भवन पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की समयसीमा घोषित नहीं की जाती और प्रशासन जिम्मेदारी नहीं लेता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
किसानों के अनुसार मिल पर पिछले और वर्तमान पेराई सत्र का करीब 160 से 186 करोड़ रुपये तक का गन्ना भुगतान बकाया है। भुगतान में लगातार हो रही देरी से किसानों में भारी नाराजगी है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान और भाकियू कार्यकर्ता जुटे रहे तथा मिल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव चौधरी शिशुपाल सिंह ने कहा कि केसर चीनी मिल किसानों के हितों को लेकर बिल्कुल गंभीर नहीं है। किसान नेता रवि ढाका ने कहा कि एक समय एशिया में पहचान रखने वाली यह मिल आज बिकने की कगार पर पहुंच चुकी है, जिससे किसानों का भरोसा पूरी तरह टूट गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी जगत सिंह ने कहा कि गन्ना भुगतान न मिलने से किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और उनकी खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।

तहसील अध्यक्ष राजेश गुप्ता उर्फ खन्ना ने आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन अपनी संपत्तियां और चीनी बेच चुका है, लेकिन किसानों के भुगतान के समय आर्थिक तंगी का बहाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब किसान आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं और बिना भुगतान आंदोलन खत्म नहीं होगा।

दोपहर बाद केसर शुगर मिल के सीईओ शरत मिश्रा धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि मिल के पास फिलहाल न चीनी बची है, न शीरा और न ही भुगतान के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है। सीईओ ने कहा कि मिल बिकने की प्रक्रिया चल रही है और बड़े कारोबारी घरानों से बातचीत जारी है। किसानों का भुगतान मिल बिकने के बाद ही संभव हो पाएगा।

सीईओ के इस बयान के बाद किसानों का गुस्सा और बढ़ गया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए धरने को और तेज करने का ऐलान कर दिया। किसानों ने घोषणा की कि 15 मई तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक बनाया जाएगा।

धरने के दौरान जिला गन्ना अधिकारी, तहसीलदार बहेड़ी और थाना प्रभारी बहेड़ी भी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। वहीं किसानों ने मांग उठाई कि एसडीएम स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों से वार्ता करें और भुगतान को लेकर स्पष्ट समयसीमा घोषित करें।

आंदोलन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी जिला प्रशासन को भेज दी गई है तथा एलआईयू और अन्य खुफिया एजेंसियां भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Breaking RV News
Breaking RV News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume