संवाददाता विमल सिंह बरेली BREAKING RV NEWS
बहेड़ी, बरेली। थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम भिलैया में मंगलवार सुबह डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अंबेडकर पार्क में स्थापित प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा हुआ देखकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा भूमि में अंबेडकर पार्क बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक पार्क की चारदीवारी न होने के कारण यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार और कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त प्रतिमा को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Post a Comment