संवाददाता : विशाल दिवाकर बहेड़ी
बहेड़ी। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड बहेड़ी की ग्राम पंचायत गुरसौली में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन "गांव की समस्या, गांव में समाधान" तथा "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" अभियान के तहत किया गया।
चौपाल की अध्यक्षता तहसीलदार भानू प्रताप सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने ग्रामीणों को अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की शिकायतें और समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में राजस्व, विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन, विद्युत एवं स्वयं सहायता समूह विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली, राजस्व, स्वास्थ्य तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शेष समस्याओं का भी शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग, सीएचसी बहेड़ी, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग, विकास विभाग एवं स्वयं सहायता समूह विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामा देवी, तेजपाल गंगवार, धर्मवीर गंगवार, अजेंद्र पाल सिंह, मास्टर सैय्यद इम्तियाज हुसैन, अक्षय सक्सेना, ऊषा रानी, किरन बाला, कृष्ण पाल दिवाकर, केशव, सुरेश सिंह, लीलाधर मौर्य, कोटेदार रामगुलाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे लोगों को अपनी समस्याएं रखने और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
Post a Comment