संवाददाता विशाल दिवाकर बहेड़ी
भोजीपुरा/बहेड़ी। खेल भावना, आपसी सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को भैरपुरा खजुरिया मिनी स्टेडियम में विकास खण्ड भोजीपुरा एवं बहेड़ी के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विकास खण्ड भोजीपुरा एवं बहेड़ी के खण्ड विकास अधिकारी शिरीष वर्मा तथा सहायक विकास अधिकारी संजय दीक्षित, सुमित कुमार एवं ओवेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
मैच के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत सचिव अतुल सक्सेना, जितेन्द्र कुमार, विमलेश कुमार एवं कमल कुमार सहित अन्य कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता में बहेड़ी और भोजीपुरा के अलावा दमखोदा विकास खण्ड से मनोज पटेल एवं रोहिताश कुमार, शेरगढ़ विकास खण्ड से इमरान खान तथा नवाबगंज विकास खण्ड से पुष्पेंद्र शाक्य सहित विभिन्न विकास खण्डों के सचिवों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोमांचक मुकाबले में बहेड़ी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 118 रन बनाए। जवाब में भोजीपुरा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 11.4 ओवर में 119 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच के उपरांत खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे सद्भावना मैचों के नियमित आयोजन पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान की व्यस्त जीवनशैली में कार्य के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर विकास खण्ड भोजीपुरा की ओर से सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस दौरान अमित कुमार एवं उनके साथियों का भी विशेष सहयोग रहा।
सद्भावना क्रिकेट मैच ने न केवल खेल प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि विभिन्न विकास खण्डों के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, मित्रता और भाईचारे को भी नई मजबूती प्रदान की।
Post a Comment