Top News

बरेली पुलिस की मासिक रैंकिंग जारी, बहेड़ी सर्किल और थाना अव्वल


संवाददाता विमल सिंह बरेली 

बरेली। जनपद में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा पुलिसिंग में गुणवत्ता बढ़ाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली की ओर से हर माह की जाने वाली मूल्यांकन प्रक्रिया में मई-2026 की रैंकिंग जारी कर दी गई है। इस बार बहेड़ी सर्किल और बहेड़ी थाना शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में पहले स्थान पर रहे, जबकि उत्तरी पुलिस क्षेत्र को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र का दर्जा मिला।
पुलिस विभाग की ओर से जनसुनवाई, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण, अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी, विवेचनाओं के निस्तारण, साइबर हेल्पडेस्क की उपलब्धियों, सीसीटीएनएस व सीईआईआर कार्य, एनडीपीएस एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, यातायात प्रवर्तन और थाना रखरखाव समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन में जिले के 29 थानों, 9 सर्किलों और तीनों पुलिस क्षेत्रों (नगर, उत्तरी और दक्षिणी) के कार्यों का आकलन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक पुलिस क्षेत्र, एक सर्किल और पांच थानों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मई-2026 की रैंकिंग के अनुसार उत्तरी पुलिस क्षेत्र ने 1799 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। सर्किल स्तर पर बहेड़ी सर्किल 3260 अंकों के साथ अव्वल रहा।
थानों की रैंकिंग में बहेड़ी थाना 4853 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद शीशगढ़ थाना 4796 अंक लेकर दूसरे, बारादरी थाना 3315 अंक के साथ तीसरे, देवरनियां थाना 2814 अंक के साथ चौथे और शाही थाना 2738 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर पुलिसिंग, जनसेवा और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में इसी तरह प्रभावी कार्य जारी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह मूल्यांकन प्रणाली स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, जवाबदेही और परिणामोन्मुख पुलिसिंग को बढ़ावा देने का एक अहम माध्यम बन रही है, जिससे पुलिस कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के साथ आमजन का भरोसा भी मजबूत हो रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Breaking RV News
Breaking RV News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume