बहेड़ी। महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बहेड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहला-फुसलाकर नाबालिग किशोरी को ले जाने और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित चल रहे आरोपी कृष्णा उर्फ कृष्णपाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना बहेड़ी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री को कृष्णा उर्फ कृष्णपाल पुत्र गेंदनलाल निवासी अलीगंज भमिया, थाना बहेड़ी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पीड़िता की बरामदगी होने तथा सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस एवं 16/17 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मिली सूचना पर पुलिस टीम ने सरकारी अस्पताल के गेट के पास से आरोपी कृष्णा उर्फ कृष्णपाल (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आयुध अधिनियम तथा अपहरण से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने कृत्य पर खेद व्यक्त किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार उपाध्याय एवं हेड कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Post a Comment