संवाददाता विमल सिंह बरेली
बरेली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर एक युवक का अपहरण किया गया और उससे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। हालांकि, बरेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम सिमरा का है। जानकारी के अनुसार 20 जून को अशफाक अहमद नामक युवक अपनी कार से जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। आरोपियों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए अशफाक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उसका अपहरण कर लिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे धमकाते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके मोबाइल और बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया और करीब 78 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बहेड़ी पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने 21 जून की रात मुड़िया रोड पर कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपस में परिचित हैं और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 50 लाख रुपये की मांग के बाद बाद में चार लाख रुपये में समझौता करने की कोशिश की गई थी।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों और एक अज्ञात महिला की भूमिका भी सामने आई है। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरेली पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Post a Comment