सड़क नदी में समाई, कई मकान गिरने की कगार पर; तहसीलदार व लेखपाल ने किया निरीक्षण
संवाददाता विमल सिंह बहेड़ी बरेली BREAKING RV NEWS
बहेड़ी। लगातार हो रही बारिश के चलते वहगुल नदी उफान पर है। नदी के तेज बहाव के कारण बहेड़ी-बंजरिया चौकी क्षेत्र के ग्राम भैरपुरा में तेजी से कटान हो रहा है। कटान के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थिति यह है कि नदी सड़क को पूरी तरह अपने कटान की चपेट में ले चुकी है और अब कई घर नदी से बेहद नजदीक रह गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार नदी का कटान लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़क का बड़ा हिस्सा नदी में समा चुका है और अब घरों से नदी की दूरी महज कुछ कदम ही रह गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बारिश और नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो कई मकान नदी के कटान की चपेट में आ सकते हैं।
कटान की सूचना मिलने पर लेखपाल वीरपाल गंगवार और बहेड़ी तहसीलदार भानु प्रताप मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी के कटान से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से जानकारी ली।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि अरुण उप्पल, गुरपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, दलजिंदर सिंह, सचिन, दीप सिंह, निशान सिंह, रंजीत सिंह, सुखविंद्र सिंह, साहब सिंह, मंदीप सिंह, सिमरजीत सिंह और बलबीर सिंह समेत कई लोगों के घर खतरे की जद में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अरुण उप्पल का मकान विशेष रूप से नदी के कटान के बेहद करीब पहुंच गया है और गिरने की कगार पर है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी के कटान को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी बचाव कार्य कराने तथा प्रभावित घरों और सड़क को सुरक्षित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कटान पर रोक नहीं लगाई गई तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
Post a Comment