संविधान, आरक्षण और दलित समाज के मुद्दों पर वक्ताओं ने रखे विचार
संवाददाता विमल सिंह बहेड़ी बरेली BREAKING RV NEWS
बहेड़ी। रविवार, 6 सितंबर 2026 को ब्लेसिंग गार्डन बहेड़ी में समाजवादी पार्टी की ओर से PDA जन पंचायत—दलित (जाटव, धोबी, कोरी, बेलदार एवं वाल्मीकि) सम्मेलन का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद विधानसभा बहेड़ी के विभिन्न बूथों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती रहे, जबकि अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव, बहेड़ी विधायक एवं पूर्व मंत्री अता उर रहमान ने की।
भाजपा पर संविधान और आरक्षण को लेकर लगाए आरोप
मुख्य अतिथि मिठाई लाल भारती ने अपने संबोधन में भाजपा पर संविधान और आरक्षण के संबंध में आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दलित समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों एवं संविधान की रक्षा के लिए राजनीतिक रूप से सक्रिय होना चाहिए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की।
भिलाईया में प्रतिमा खंडित किए जाने का मुद्दा उठा
विधायक अता उर रहमान ने कहा कि जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को अलग-अलग रखने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने हाल ही में ग्राम भिलाईया स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहब की प्रतिमा खंडित किए जाने और सोलर लाइट तोड़े जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं पार्क का दौरा कर सोलर लाइट दोबारा लगवाई है। साथ ही कहा कि यदि प्रशासन द्वारा प्रतिमा स्थापित नहीं कराई जाती है तो समाजवादी पार्टी की ओर से प्रतिमा लगवाने की व्यवस्था की जाएगी।
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी का दावा
विशिष्ट अतिथि एवं जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव ने कार्यक्रम को सफल बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में दलित समाज के लोगों ने इसमें भाग लिया। वहीं जिला पंचायत सदस्य एवं बाबा साहब वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. ब्रह्म स्वरूप सागर ने उपस्थित लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी, रणवीर सिंह, सुरेंद्र सोनकर, शांति सिंह, स्मिता यादव, हाजी वफा उर रहमान, चौधरी विजेंद्र सिंह, धर्मपाल बेलदार, हरीश सागर, अरविंद सागर, नरेंद्र कोली, प्रमोद दिवाकर, राजेश सागर, रिशिपाल वाल्मीकि, राजेंद्र बेलदार, जय सिंह सागर, मनोज सागर, चौधरी अनिल पाल सिंह और चौधरी सुखबीर सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
Post a Comment