रिपोर्ट / विमल सिंह बरेली
बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम गुरसौली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार को हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारम्भ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिवस निकाली गई 151 कलशों की विशाल शोभायात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गांव की माताएं और बहनें पारंपरिक वेशभूषा में नारायण नगला स्थित किच्छा नदी (छोटी गंगा) से जल भरकर कलश यात्रा में शामिल हुईं। सिर पर कलश और मुख पर भक्ति भाव लिए श्रद्धालु जब जयघोष करते हुए प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे तो पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “राधे-राधे” के उद्घोष से गूंज उठा।
कलश यात्रा के दौरान श्री पंजाब बैंड की मनमोहक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। वहीं मास्टर सलीम और मास्टर तसलीम ने अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरे मार्ग में भक्तिरस की अविरल धारा बहती रही।
श्रीमद् भागवत कथा का रसपान आचार्य श्री कृष्ण कान्त शास्त्री, निवासी जनपद बिजनौर, द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सद्भाव, सेवा और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने संत कबीर के दोहों का उल्लेख करते हुए दान, सेवा और परोपकार का महत्व भी बताया।
आयोजन समिति के अनुसार कथा कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक यज्ञ तथा सायं 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक कथा रसपान के रूप में आयोजित किया जाएगा। कथा का समापन 25 मई को विशाल भंडारे के साथ होगा, जो सायं 4 बजे से प्रारम्भ होकर प्रभु इच्छा तक चलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बहेड़ी की अध्यक्ष रश्मि जायसवाल उपस्थित रहीं। इसके अलावा महंत भूपराम, ग्राम प्रधान रामा देवी, प्रधान प्रतिनिधि चंद्रपाल गंगवार, राजेन्द्र सक्सेना, बुद्धसेन सिंह, सुरेश सिंह, ओमप्रकाश, वेदप्रकाश कश्यप, आलोक सक्सेना, ईश्वर दास सक्सेना, कृष्णपाल दिवाकर, प्रेम प्रकाश सक्सेना, बब्लू दिवाकर, देवेश गंगवार और सोमपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान थाना बहेड़ी पुलिस बल तथा नारायण नगला चौकी इंचार्ज अंकित सिंह बघेल अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।
गांव के समस्त सनातन समाज एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
स्थान: प्राचीन शिव मंदिर, ग्राम गुरसौली, तहसील बहेड़ी, जनपद बरेली।
Post a Comment