Top News

दंगे में हथियार सप्लाई के आरोपी की निशानदेही पर विदेशी पिस्टल समेत तीन असलहे बरामद

ब्यूरो चीफ विमल सिंह बरेली 


बहेड़ी। थाना बहेड़ी पुलिस को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लिए गए आरोपी गफ्फार खां की निशानदेही पर एक विदेशी पिस्टल, दो अवैध तमंचे और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार नारायण नगला रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्टे में ईंटों के चट्टों के बीच छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस के अनुसार, हथियार तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान गफ्फार खां और उसके साथियों के नाम सामने आए थे। जांच में यह भी आरोप सामने आया था कि बरेली में हुए दंगों के दौरान इस्तेमाल किए गए कुछ असलहों की सप्लाई भी इसी गिरोह द्वारा की गई थी। इसी मामले में पुलिस ने गफ्फार खां को उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद से गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पुलिस ने न्यायालय की अनुमति के बाद आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर एक विदेशी पिस्टल 7.65 बोर, सात जिंदा कारतूस, दो अवैध देशी तमंचे 315 बोर तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी गफ्फार खां के खिलाफ उत्तराखंड और बरेली में मारपीट, खनन, महिला उत्पीड़न, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, उपनिरीक्षक बॉबी कुमार सहित थाना बहेड़ी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Breaking RV News
Breaking RV News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume