संवाददाता विमल सिंह बरेली
बहेड़ी। अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग ने बहेड़ी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। सभी वाहन अवैध खनन एवं खनिज परिवहन में संलिप्त पाए गए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खनन अधिकारी मनीष कुमार को ग्राम उनई क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। बुधवार देर रात ग्राम उनई के निकट औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान खनन कार्य में लगी दो जेसीबी और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर मिलीं।
अधिकारियों की टीम को देखकर वाहन चालक और संचालक वाहन लेकर भागने लगे। टीम ने उनका पीछा किया और सभी वाहनों को पकड़ लिया। इसके बाद वाहनों को सीज कर थाना बहेड़ी की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया।
खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार संबंधित वाहनों के खिलाफ अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के आरोप में अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की वसूली प्रस्तावित है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी तहसील सदर क्षेत्र के थाना सुभाषनगर में अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी को सीज किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
إرسال تعليق