Top News

दिवाली नहीं रहेगी फीकी, प्रशासन का दबाव आया काम, चीनी मिल करेगी किसानों का भुगतान


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डीएम ने की सख्त कार्रवाई, मिल ने एस्क्रो अकाउंट में जारी किए 11.33 करोड़ रुपये

संवाददाता विमल सिंह बहेड़ी बरेली 

बहेड़ी । बहेड़ी केसर इंटरप्राइजेज चीनी मिल के सभी गन्ना किसानों के लिए दीपावली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। केसर चीनी मिल पर पिछले दो वर्षों से लंबित गन्ने के बकाया मूल्य को लेकर चल रही जद्दोजहद के बीच आखिर प्रशासन का दबाव काम आया और मिल मालिक ने किसानों के भुगतान के लिए 11.33 करोड़ रुपये की धनराशि गन्ना विभाग के एस्क्रो अकाउंट में निर्गत कर दी है। अब गन्ना समिति द्वारा किसानों के खातों में भुगतान की कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के हित में जिलाधिकारी बरेली को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसानों का बकाया गन्ना मूल्य का जल्द भुगतान कराया जाए, जिससे किसान दीपावली का त्योहार खुशी से मना सकें। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलाधिकारी ने 31 अक्टूबर को अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व, उप जिलाधिकारी बहेड़ी, नवाबगंज, उप जिलाधिकारी न्यायिक बहेड़ी, तहसीलदार बहेड़ी और जिला गन्ना अधिकारी के साथ बैठक कर मिल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में प्रशासन ने विगत सोमवार को किसानों के 162 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान को लेकर केसर चीनी मिल प्रबंधन पर कड़ा रुख अपनाया। एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा, एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव, जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार, सीओ अरुण कुमार यादव और तहसीलदार वीरपाल सिंह राजस्व टीम एवं पुलिस बल के साथ मिल के प्रशासनिक भवन पहुंचे। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि 10 नवंबर तक भुगतान की व्यवस्था नहीं हुई तो मिल के प्रशासनिक भवन और अधिकारियों-कर्मचारियों के आवासों को सील कर नीलामी की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

वार्ता में मिल के सीएमडी हर्ष आर. किलाचंद को वीडियो कॉल के माध्यम से शामिल किया गया। उन्होंने मिल की बिक्री को लेकर एक पार्टी से बातचीत चलने की बात कही और 10 नवंबर तक डील होने पर संपूर्ण बकाया भुगतान का आश्वासन दिया। प्रशासन ने तत्काल 18 से 20 करोड़ रुपये की व्यवस्था करने को कहा।

इसी दबाव का नतीजा है कि 6 नवंबर को दीपावली से पहले मिल प्रबंधन ने 11 करोड़ 33 लाख रुपये का भुगतान जारी किया। किसानों ने प्रशासन की सख्ती और मुख्यमंत्री के निर्देश पर हर्ष जताते हुए कहा कि यदि प्रशासन का दबाव न रहता तो भुगतान नहीं हो पाता। किसानों ने जिलाधिकारी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब उनकी दिवाली जगमग हो सकेगी और उम्मीद है कि जल्द ही संपूर्ण बकाया भी मिल जाएगा।

Post a Comment

أحدث أقدم
Breaking RV News
Breaking RV News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume